समर्पण

जब तक आप पर प्रभाव है दुनिया का,
जीवन एक संघर्ष और घर्षण है।
जब स्वयं के स्वभाव में आ जाओ,
समझ लो तब, हुआ समर्पण है।

मुख में "राम", राक्षस वाले काम,
दुनिया में मुखौटे का आकर्षण है।
जब उतरे सारे मुखौटे अपने,
समझ लो तब, हुआ समर्पण है।

गुरु का ज्ञान ले कर, जगतभर में,
करता रहता मन विश्लेषण है।
जब गुरु-गुण को करे अंगीकार,
समझ लो तब, हुआ समर्पण है।

ज्ञान का जल परोसे सबको,
जब भीतर की प्यास भीषण है।
खुद की तृष्णा बुझाकर परोसे पानी,
समझ लो तब, हुआ समर्पण है।

कृष्ण के जीवन में, उनको कहे माखन चोर,
वही कृष्ण अब, तेरे मंदिर का आभूषण है,
प्रभु के जीवन में, जो उनको नतमस्तक हो सके,
समझ लो तब, हुआ समर्पण है।

Comments

Popular posts from this blog

प्रार्थना

उनसे बेहतर बताओ ना